भूत सवार आशिक का तांडव! वैशाली के जारंग गांव में सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार”
वैशाली | ब्रेकिंग न्यूज़
प्यार में पागलपन जब सिर चढ़कर बोलता है, तो कानून भी हिल जाता है। वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र अंतर्गत जारंग गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने खुद पर “भूत सवार” होने का दावा करते हुए खुलेआम सड़क पर फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक गोलियों की आवाज गूंजते ही गांव में हड़कंप मच गया। लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक बाइक सवार दोनों युवक मौके से फरार हो चुके थे। बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला युवक प्रेम प्रसंग में खुद को ठगा महसूस कर रहा था और उसी उन्माद में इस वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही बेलसर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार और एसडीपीओ गोपाल मंडल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और कुछ ही देर में एक आरोपी को देशी पिस्टल के साथ धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का व्यवहार असामान्य था और वह खुद को “भूत सवार” बताकर गांव में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग के पीछे प्रेम प्रसंग, नशा, या मानसिक असंतुलन की क्या भूमिका रही।
