खेत में मौत का हमला: अद्रकुड़ी में जंगली सूअर का आतंक, तीन घायल, एक की इलाज के दौरान मौत
चंदनकियारी प्रखंड के बरमसिया ओपी अंतर्गत अद्रकुड़ी गांव में शनिवार शाम जंगली सूअर के हमले से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो घायलों का इलाज पुरुलिया सदर अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अद्रकुड़ी गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर खेत में कुछ ग्रामीण काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जंगल की ओर से आए जंगली सूअर ने हमला कर दिया। हमले में बुधन महतो, अंजना कुमारी और पांडव महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ितों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सूअर को खदेड़ा गया। इसके बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को खटिया पर लादकर गांव पहुंचाया, जहां से एम्बुलेंस के जरिए सभी को पुरुलिया सदर अस्पताल भेजा गया।
इलाज के दौरान बुधन महतो की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुधन महतो धनबाद के एक कॉलेज में कुक का काम करते थे और कुछ दिन पहले ही गांव लौटे थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुरुलिया सदर पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतक का पोस्टमार्टम कराया। साथ ही मामले की जानकारी बरमसिया ओपी को दी गई है।
इधर, घटना के बाद से अद्रकुड़ी गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही से खेतों में काम करना अब सुरक्षित नहीं रहा।

