मांडर टोल प्लाजा पर BJP विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता पर थप्पड़ और गाली-गलौज का आरोप, वायरल वीडियो से गरमाई झारखंड की सियासत
रांची/मांडर। झारखंड में एक बार फिर सत्ता और सिस्टम की टक्कर सुर्खियों में है। पलामू जिले के पांकी विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता पर रांची के मांडर टोल प्लाजा पर ड्यूटी कर रहे एक टोल कर्मी के साथ मारपीट और अभद्र भाषा का गंभीर आरोप लगा है।
टोल कर्मी के अनुसार, जब विधायक के वाहन को नियमानुसार टोल प्लाजा पर रोका गया, तो किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि विधायक ने कर्मी को थप्पड़ मार दिया और इसके बाद मां-बहन से जुड़ी अशोभनीय गालियां भी दीं।
घटना के बाद टोल प्लाजा पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आम वाहन चालक हैरान रहे कि जहां नियम सबके लिए एक होने चाहिए, वहीं मामला हाथापाई तक कैसे पहुंच गया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में टोल प्लाजा पर हुए हंगामे और तनावपूर्ण माहौल को साफ देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद मामला सिर्फ टोल कर्मी और विधायक तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
फिलहाल, विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। वहीं, प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच किए जाने की चर्चा है।

