चाईबासा |प्रकाश कुमार गुप्ता ।dainik state
नववर्ष पर जंगल-पहाड़ों में पहुंची स्वास्थ्य टीम, बिरहोर परिवारों के लिए लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर |
नव वर्ष पर बिरहोर परिवारों को मिला स्वास्थ्य संबल, डॉक्टर जगन्नाथ हेंब्रोम की सराहनीय पहल
नव वर्ष के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की एक मानवीय और सराहनीय पहल देखने को मिली, जब पश्चिम सिंहभूम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर एवं कुपोषण उपचार केंद्र, चाईबासा के प्रभारी चिकित्सक डॉ. जगन्नाथ हेंब्रोम अपनी टीम के साथ गोईलकेरा प्रखंड के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम क्षेत्र में स्थित आराहासा पंचायत के रेगाडबेडा गांव पहुंचे।
जंगल और पहाड़ों के बीच बसे इस गांव में लगभग 50 बिरहोर परिवार निवास करते हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित इन परिवारों के बीच डॉ. हेंब्रोम एवं उनकी टीम द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ स्वच्छता, मौसमी बीमारियों और मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
क्षेत्र को मलेरिया प्रभावित मानते हुए एवं बढ़ती ठंड को देखते हुए सभी परिवारों के बीच मच्छरदानी, कंबल एवं साबुन का वितरण किया गया। वहीं स्वास्थ्य जांच के दौरान तीन कुपोषित बच्चों की पहचान की गई, जिन्हें समुचित इलाज के लिए कुपोषण उपचार केंद्र, चाईबासा लाया गया।
डॉ. जगन्नाथ हेंब्रोम की यह पहल न सिर्फ स्वास्थ्य सेवा की मिसाल है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि आज भी ऐसे चिकित्सक हैं, जो निस्वार्थ भाव से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक पहुंचकर सेवा कर रहे हैं।

