गढ़वा में युवक की गोली मारकर हत्या, भवनाथपुर–केतार मार्ग के यात्री शेड में मिला शव; ओझागुनी से जुड़ा होने की आशंका
भवनाथपुर–केतार रोड पर अज्ञात युवक की गोली मारकर हत्या, पैकेट से चावल मिलने पर ओझागुनी की आशंका
- गढ़वा (झारखंड):झारखंड के गढ़वा जिले के भवनाथपुर–केतार मुख्य मार्ग पर स्थित असनाबांध यात्री शेड में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों द्वारा शव देखे जाने के बाद भवनाथपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार मृतक के पास से एक पैकेट बरामद किया गया है, जिसमें चावल और कुछ कागजात मिले हैं। इसे लेकर स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला ओझागुनी (अंधविश्वास से जुड़ी हत्या) से संबंधित हो सकता है।
हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है और सभी पहलुओं से मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

