हजारीबाग में नए साल की रात खूनी संघर्ष, तलवारबाजी में युवक की मौत, दो गंभीर
नए साल का जश्न बना मातम, हजारीबाग में युवक की हत्या से इलाके में दहशत
हजारीबाग में नए साल की रात खूनी संघर्ष, तलवारबाजी में युवक की मौत, दो गंभीर
नए साल का जश्न बना मातम, हजारीबाग में युवक की हत्या से इलाके में दहशत
झारखंड। हजारीबाग।
हजारीबाग जिले में नए साल की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब इंद्रपुरी चौक के पास बीती देर रात दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान मंडई निवासी सूरज राणा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नए साल के जश्न के दौरान मंडई और नूरा क्षेत्र के युवकों के बीच शराब के नशे में ग्रुपबाजी को लेकर विवाद शुरू हुआ। पिकनिक के दौरान शुरू हुआ यह विवाद देर रात इंद्रपुरी चौक तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के बीच तलवारबाजी और जमकर मारपीट हुई।
इसी दौरान सूरज राणा पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद प्रिंस अस्पताल, रांची रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बताया गया है कि सूरज राणा दो छोटे बच्चों का पिता था, जिससे उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

