झारखंड को मिल सकता है नया डीजीपी: सोरेन सरकार आज ले सकती है बड़ा फ़ैसला
झारखंड को जल्द नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मिल सकता है। सोरेन सरकार डीजीपी की नियुक्ति को लेकर बड़ा फैसला लेने की तैयारी में है। इसे लेकर राज्य सचिवालय में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गृह सचिव, विकास सचिव सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की अहम बैठक हुई है। बैठक में पदोन्नति से जुड़े मामलों के साथ-साथ नए डीजीपी के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।
तीन नाम रेस में
सूत्रों के अनुसार, डीजीपी पद की दौड़ में तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। इनमें अनिल पाल्टा, प्रशांत सिंह और एमएस भाटिया के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार अपनी निर्धारित नियमावली के तहत डीजीपी का चयन कर सकती है।
गौरतलब है कि वर्तमान प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो रही हैं। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर 1 जनवरी से झारखंड को नया डीजीपी मिलने की पूरी संभावना है। नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर पुलिस महकमे और राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज है।
सरकार के फैसले पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि नए डीजीपी के कंधों पर राज्य की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
