चतरा में खूनी रात: गोलीबारी में दो पूर्व नक्सलियों की मौत, जीजा–साला घायल
नक्सली हमला या गैंगवार? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के घोर नक्सल प्रभावित और सुदूरवर्ती गेंदरा गांव में रविवार देर रात ताबड़तोड़ गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में टीएसपीसी के दो पूर्व नक्सली—दिवेंद्र गंझु और चुरामन गंझु—की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजद नेता श्याम भोक्ता उर्फ डीसी और उसके साले गोपाल गंझु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और गांव पुलिस छावणी में तब्दील हो चुका है।
कुंदा थाना क्षेत्र के मरगड़ा पंचायत अंतर्गत गेंदरा गांव में देर रात राजद नेता श्याम भोक्ता के घर पर करीब आधा दर्जन हथियारबंद हमलावरों ने धावा बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
हमले के दौरान घर के सदस्य और ग्रामीण भी बचाव में आगे आए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर झड़प हुई। इसी झड़प में गोली लगने से दो हमलावर—दिवेंद्र गंझु और चुरामन गंझु—की मौके पर ही मौत हो गई।
फायरिंग में राजद नेता श्याम भोक्ता को गर्दन में, जबकि उनके साले गोपाल गंझु को सिर में गोली लगी। ग्रामीणों की मदद से दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल, फिर प्रतापपुर और डाल्टनगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया।
सुरक्षा और पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही लावालौंग थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा, कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार, पुलिस निरीक्षक सनोज चौधरी तथा एसएसबी 35वीं बटालियन के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। गांव में अतिरिक्त बल की तैनाती कर कैंप किया जा रहा है।
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल और सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं और वरीय अधिकारियों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
पृष्ठभूमि और शक की सुई
मृतक दिवेंद्र गंझु टीएसपीसी का पूर्व सदस्य था, जिस पर कुल 36 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं घायल श्याम भोक्ता भी टीएसपीसी से जुड़ा रहा है और एनआईए का नामजद अभियुक्त है।
सूत्रों के मुताबिक, आपसी पुरानी रंजिश को इस वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस नक्सली हमला और गैंगवार—दोनों एंगल से जांच में जुटी है।

