सिमुलतला पुल पर ‘सीमेंट का पहाड़’ ढहा, मालगाड़ी पटरी से उतरी
रात में गड़गड़ाया हादसा, बोगियां गिरीं नदी में, मेन लाइन ठप
जमुई–जसीडीह रेलखंड पर सिमुलतला स्टेशन के पास शनिवार देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब सीमेंट से लदी मालगाड़ी पुल संख्या 676 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बिहार–झारखंड सीमा से सटे देवघर इलाके में हुए इस हादसे में मालगाड़ी की 19 बोगियां पटरी से उतर गईं। कई डिब्बे पुल से नीचे बड़ुआ नदी में गिर पड़े, जबकि कुछ बोगियां एक-दूसरे से टकराकर डाउन लाइन पर जा पहुंचीं।
हादसे के बाद हावड़ा–पटना–दिल्ली मेन लाइन पर रात 11:30 बजे से अप और डाउन दोनों ओर रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। करीब दो दर्जन एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मालगाड़ी आसनसोल से सीतामढ़ी जा रही थी और जसीडीह से झाझा की ओर बढ़ रही थी। हादसे के बाद इंजन करीब 400 मीटर आगे टेलवा बाजार हाल्ट के पास सुरक्षित खड़ा मिला। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। रेलवे के अनुसार मालगाड़ी में कुल 42 डिब्बे थे, जिनमें से 23 पटरी पर हैं। चालक कमलेश कुमार और गार्ड मनीष कुमार पासवान सुरक्षित हैं। फिलहाल ट्रैक बहाली का काम तेजी से जारी है।

