क्या है मामला
नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में कोडरमा स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सह विशेष पोक्सो न्यायालय के न्यायाधीश गुलाम हैदर की अदालत ने मंगलवार को फैसला सुनाया। अदालत ने मरकच्चो थाना क्षेत्र के बड़ा अखाड़ा निवासी दिलीप सिंह (30 वर्ष), पिता अनिल सिंह को दोषी पाते हुए विभिन्न धाराओं में कुल 22 वर्ष सश्रम कारावास एवं ₹35,500 जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं देने की स्थिति में आरोपी को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी।
पोक्सो एक्ट के तहत कड़ी सजा, पीड़ित को मिलेगा जुर्माना व मुआवजा
न्यायालय ने आरोपी को पोक्सो एक्ट की धारा 6, 4(2) और 8 सहित आईटी एक्ट एवं भादंवि की विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराया। अदालत ने जुर्माने की पूरी राशि पीड़ित को देने का आदेश दिया है। साथ ही पीड़ित मुआवजा योजना के तहत पीड़ित को मुआवजा दिलाने का भी निर्देश दिया गया है। अदालत ने कहा कि नाबालिग के खिलाफ अपराध को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
वीडियो वायरल कर धमकाने के आरोप में दोष सिद्ध, सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी
मामला मरकच्चो थाना कांड संख्या 81/2024 से जुड़ा है। नाबालिग की मां द्वारा दर्ज कराए गए आवेदन में आरोप लगाया गया था कि पड़ोसी दिलीप सिंह वर्ष 2022 से नाबालिग को बहला-फुसलाकर और डरा-धमकाकर दुष्कर्म करता रहा तथा वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देता था, जिसे बाद में वायरल भी किया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से छह गवाहों का परीक्षण कराया गया। सभी साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी मानते हुए सख्त सजा सुनाई।
