बेतिया में चोरी की घटनाओं ने डर का माहौल बना दिया है। गुरुवार की रात शहर और ग्रामीण इलाके में स्थित दो एसबीआई एटीएम को चोरों ने निशाना बनाया। पहला एटीएम बेतिया नगर थाना क्षेत्र के आलोक भारती स्कूल के पास और दूसरा नौतन थाना क्षेत्र के गहीरी के पास था।
सूत्रों के अनुसार, चोरों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर मशीन को काटा और लाखों रुपए लेकर फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, साथ ही डॉग स्क्वायड भी जांच में शामिल है। एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई इस चोरी ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है, लेकिन घटना ने रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
