बिहार के मोतिहारी जिले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केसरिया बाल विकास परियोजना की एक महिला पर्यवेक्षिका (एलएस) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एलएस पर आंगनबाड़ी से जुड़े कार्यों में मदद और फाइल आगे बढ़ाने के बदले 4 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया और केसरिया बाल विकास परियोजना कार्यालय में कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। केमिकल जांच में उसके हाथों से रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
सूत्रों के मुताबिक, निगरानी विभाग आरोपी से पूछताछ कर रहा है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई से जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
