बिहार के दरभंगा जिले में जमीन के लालच में जब इंसान हैवान बन जाए, तो खून के रिश्ते भी बेमानी हो जाते हैं। दरभंगा जिले के सोनकी थाना क्षेत्र के चिकनी गांव से सामने आई यह वारदात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली है। यहां बुजुर्ग बिहारी मंडल की नृशंस हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उनके ही सगे बेटे और बहु ने मिलकर की—और वह भी ऐसी बेरहमी से कि रूह कांप जाए।
17 दिसंबर की रात…
घर के भीतर अचानक मचा कोहराम…
ईंट और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार…
और फिर खामोशी…
जब सुबह घर का दरवाजा खुला, तो आंगन में पड़ा था खून से लथपथ बुजुर्ग का शव।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजन सकते में थे। मृतक के बड़े बेटे अरविन्द कुमार ने सोनकी थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। शुरुआत में शक घर से कुछ दूरी पर नशा करने वालों पर गया, लेकिन सच कुछ और ही था… बेहद डरावना।
पुलिस जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
एफएसएल जांच, मोबाइल टेक्निकल एनालिसिस और लगातार पूछताछ के बाद पुलिस की नजर मृतक के ही घर के लोगों पर टिक गई। जब छोटे बेटे गोविन्द मंडल और उसकी पत्नी मुनचुन देवी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो दोनों के चेहरे का नकाब उतर गया।
पूछताछ के दौरान दोनों टूट गए और खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हो गया।
जमीन बना मौत की वजह
आरोपी गोविन्द मंडल ने कबूल किया कि वह चार भाइयों में सबसे छोटा है। पिता बार-बार जमीन बेचते थे, लेकिन उसे उसका हिस्सा नहीं देते थे। इसी बात को लेकर लंबे समय से घर में विवाद चल रहा था। गुस्सा, लालच और नफरत इस कदर बढ़ गई कि बेटे-बहु ने मिलकर अपने ही पिता को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।
रात के अंधेरे में दोनों ने मिलकर लोहे की रॉड और ईंट से बेरहमी से हमला कर बुजुर्ग की जान ले ली।

