बिहार की राजधानी पटना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल, राजा और अनिल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 48.590 ग्राम ब्राउन शुगर, मार्फीन की 834 नशीली सुइयां, नशीली गोलियां (विल) तथा 14,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशीले पदार्थों की खेप कुरियर के माध्यम से अन्य राज्यों से मंगाई जाती थी और पटना में इसकी सप्लाई की जाती थी।
मामला कंकड़बाग थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। इस संबंध में पटना सदर के एएसपी अभिनव कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है।
अन्य सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से शहर में सक्रिय था और युवाओं को निशाना बनाकर नशे का अवैध कारोबार चला रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
