झारखंड की राजधानी रांची में रेलवे ग्रुप-डी परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। नामकुम थाना क्षेत्र स्थित अरूनुमा टेक्निकल सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड परीक्षा केंद्र पर एक युवक अपने जीजा के बदले परीक्षा देने पहुंचा, लेकिन बायोमेट्रिक जांच में उसका भंडाफोड़ हो गया। परीक्षा केंद्र से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के गया जिले के निवासी लालू कुमार उर्फ अनीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने मौसेरे बहनोई जवाहर प्रसाद के स्थान पर रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा देने आया था। इसके लिए उसने जीजा के आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाकर फर्जी पहचान पत्र तैयार किया था।
परीक्षा केंद्र पहुंचते ही जब अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच की गई, तो आधार कार्ड में दर्ज विवरण और युवक के फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं हो सका। जांच के दौरान फर्जीवाड़ा सामने आने पर परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने तत्काल नामकुम थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
डीएसपी हेडक्वार्टर-1 अमर पांडे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसके पीछे किसी सॉल्वर गैंग की भूमिका तो नहीं है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जांच की जा रही है कि उसने इससे पहले भी किसी अन्य परीक्षा में इस तरह की धोखाधड़ी की है या नहीं। इस घटना के बाद रेलवे परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त बायोमेट्रिक जांच की जरूरत पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।

