पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज जिला के शिकारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नाबालिग लड़के ने नाबालिग लड़की को गन्ने के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़िता ने आपबीती अपने परिजनों को बताई। परिजनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकारपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई की।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।
मामले की पुष्टि करते हुए शिकारपुर थाना अध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई किशोर न्याय अधिनियम के तहत की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जा रही है और उसे हर संभव कानूनी व सामाजिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
