मधेपुरा से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। मधेपुरा सदर विधायक, राजद के प्रोफेसर चंद्रशेखर यादव और उनके एक करीबी सहयोगी मुन्ना मुखिया पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में मधेपुरा सदर थाना में विधिवत प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिससे जिले की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, यह पूरा मामला मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र में बुहको के अंतर्गत चल रहे Nichay-2 योजना के तहत Storm Water Drainage System के निर्माण कार्य से जुड़ा है। निर्माण कार्य कर रही फर्म A A Patna, JV के प्रतिनिधि ने आरोप लगाया है कि कार्य शुरू होने के बाद से ही स्थानीय विधायक प्रोफेसर चंद्रशेखर यादव, उनके प्रतिनिधि आलोक कुमार उर्फ मुन्ना मुखिया और अन्य सहयोगियों द्वारा लगातार रंगदारी की मांग की जा रही थी। आरोप है कि रकम नहीं देने पर जान से मारने और ठेकेदारी बर्बाद करने की धमकियां भी दी गईं।
फर्म का कहना है कि तमाम दबाव और प्रताड़ना के बावजूद अब तक 60 प्रतिशत से अधिक कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा चुका है। विभागीय जांच में भी काम की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई थी। इसके बाद कथित तौर पर विधायक और उनके समर्थकों द्वारा कार्य स्थल पर बाधा डालनी शुरू कर दी गई।
23 नवंबर 2025 की रात करीब साढ़े नौ बजे विधायक अपने समर्थकों के साथ कार्य स्थल पर पहुंचे और एक मजदूर सोनू निगम के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। इस घटना को लेकर मधेपुरा थाना में Case No. 1134/2025 दर्ज हुआ, लेकिन अब तक किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
इतना ही नहीं, 11 दिसंबर 2025 को प्रशासन और बुहको के खिलाफ प्रस्तावित रैली में ठेकेदार और उनके स्टाफ को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई है। पीड़ित पक्ष ने कार्यस्थल की सुरक्षा और बॉडीगार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है। पूरे मामले ने जिले में कानून-व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

