रामगढ़ एसपी का आदेश: गोला पुलिस पिटाई मामले की होगी कड़ी जांच
रामगढ़ जिले में मछली बीज ढो रहे युवक की गोला पुलिस द्वारा की गई पिटाई का मामला गंभीर हो गया है। इस घटना को लेकर रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने आज विशेष आदेश जारी किए हैं। एसपी ने मामले को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए कहा कि इसकी तत्काल और निष्पक्ष जांच की जाएगी। एसपी के अनुसार, यदि जांच में पुलिस कर्मियों की गलती साबित होती है तो दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन ऐसी किसी भी मनमानी को बर्दाश्त नहीं करेगा। वायरल वीडियो के बाद यह कदम आमजन में विश्वास जगाने का संकेत है।
गोला पुलिस की मनमानी का शिकार बने मत्स्य मित्र, ₹500 न देने पर बेटे को पीटा
रामगढ़। गोला थाना पुलिस की अमानवीय कार्यशैली का एक और मामला सामने आया है। मंगलवार की दोपहर को बरलंगा के मत्स्य मित्र शिवनारायण केवट और उनके पुत्र पवन कुमार केवट को पुलिस ने बेवजह रोका और अवैध रिश्वत की मांग की। जब पवन कुमार ने देने से इंकार किया तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें पीटा। घटना पूरबडीह जंगल के पास की है । शिवनारायण केवट और उनकी टीम बरलंगा से मछली का बीज लेकर गोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेटुलकला पंचायत के पतरातू गांव के एक तालाब में छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में गोला पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी ने मत्स्य वाहन को रोका। पुलिसकर्मियों ने गाड़ी की जांच के बाद बिना किसी कानूनी कारण के ₹500 की मांग की। जब पवन कुमार ने यह रिश्वत देने से मना कर दिया तो एक पुलिसकर्मी ने उन्हें पकड़ लिया और जोरदार चांटे मारे । इसके बाद वह लगातार पीटते रहे। पीड़ित परिवार की चीख-पुकार से आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद पुलिसकर्मी रुके।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें मत्स्य कर्मी पुलिस की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठा रहे हैं। वीडियो में थाना के एसआई स्वामी रंजन ओझा भी घटनास्थल पर मौजूद दिख रहे हैं।
पुलिस की मनमानी से लगभग ₹5 लाख के मछली बीज नष्ट, तालाब की योजना प्रभावित
रामगढ़। गोला पुलिस की अदूरदर्शी कार्रवाई से एक बड़ी मत्स्य पालन योजना को नुकसान हुआ है। पुलिस द्वारा मत्स्य वाहन को घंटों तक धूप में खड़ा रखने से गाड़ी में रखे लगभग पांच लाख रुपये के मछली के बीज प्रभावित हुए है मछली के बीज अत्यंत संवेदनशील होते हैं। उन्हें उचित तापमान, नमी और ऑक्सीजन की आवश्यकता होती है। पुलिस द्वारा गाड़ी को रोककर रखने से गाड़ी का तापमान बढ़ गया। तपती धूप में लगातार बढ़ता तापमान बीजों के लिए घातक साबित हुआ। गाड़ी में ऑक्सीजन की कमी हो गई और सभी बीज धीरे-धीरे मरने लगे। इससे न केवल ₹5 लाख की सीधी आर्थिक क्षति हुई, बल्कि पूरी मत्स्य पालन योजना प्रभावित हुई। तालाब में मछली का प्रजनन नहीं हो पाएगा और योजना का उद्देश्य विफल हो गया।
उप-निदेशक ने SP को दी सूचना, जांच के आदेश जारी
रामगढ़। घटना के बाद मत्स्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। बरलंगा के मत्स्य मित्र शिवनारायण केवट ने राज्य मत्स्य उप-निदेशक मनोज कुमार ठाकुर को संपूर्ण घटना की जानकारी दी। शिवनारायण केवट ने पुलिस की अवैध वसूली और हिंसक कार्यशैली की विस्तृत शिकायत की उप-निदेशक मनोज कुमार ठाकुर ने तुरंत जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत को सूचित किया।SP ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करने का आदेश दिए है।

