₹2 हजार की लालच में बना हथियारों का कुरियर, मुंगेर पुलिस ने दबोचा
मुंगेर पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरियारपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार मोहम्मद सदाकत अंसारी उर्फ करकु को पकड़ा। तलाशी में उसके झोले से 5 देसी पिस्टल, 10 मैगजीन, एक मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी हथियारों की डिलीवरी के बदले सिर्फ ₹2 हजार लेता था।
भागलपुर से हथियार, मुंगेर में डिलीवरी… पुलिस पूछताछ में खुला पूरा नेटवर्क
सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर बरियारपुर तीनबटिया चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि भागलपुर के नाथनगर निवासी प्रसादी से हथियार लेकर मुंगेर के बरधा निवासी मो. सुल्तान तक पहुंचाने का काम करता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले भी वह एक बार इसी तरह हथियारों की सप्लाई कर चुका है। पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
‘घर चलाने के लिए किया अपराध’… आरोपी की कहानी ने चौंकाया
गिरफ्तार सदाकत अंसारी ने पूछताछ में बताया कि पिता की मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई। वह मनिहारी और खिचड़ी की छोटी दुकान चलाकर परिवार का खर्च उठाता था। दो छोटे भाई पढ़ाई कर रहे हैं और दो बहनों की शादी बाकी है। इसी आर्थिक तंगी के बीच उसकी दोस्ती मो. सुल्तान से हुई, जिसने हथियार पहुंचाने के बदले ₹2 हजार देने का लालच दिया। लालच में उसने एक बार डिलीवरी की और दूसरी बार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गरीबी नहीं, गलत फैसला बना अपराध की वजह… पुलिस ने युवाओं को दिया संदेश
पुलिस का कहना है कि आर्थिक परेशानी किसी भी व्यक्ति को अपराध का रास्ता चुनने का अधिकार नहीं देती। थोड़े से पैसों के लालच में हथियारों की तस्करी जैसा गंभीर अपराध करना कानूनन बड़ा जुर्म है। इस मामले में पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि हथियार सप्लाई करने वाले और खरीदने वाले सभी लोगों तक पहुंचा जा सके। यह मामला युवाओं के लिए भी सबक है कि आसान कमाई का लालच उन्हें सीधे जेल की सलाखों तक पहुंचा सकता है।

