धनबाद के झाडूडीह इलाके में देर रात फायरिंग से हड़कंप मच गया। सुरेश सिंह हत्याकांड के गवाह देवेंद्र सिंह पर आरोप, फ्लैट से दर्जनों कारतूस बरामद।
📰 देर रात गोलियों की गूंज से दहला झाडूडीह, अपार्टमेंट बना रणक्षेत्र धनबाद थाना क्षेत्र के झाडूडीह इलाके में गुरुवार की देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। आरोप है कि धनबाद के चर्चित कोयला व्यवसायी सुरेश सिंह हत्याकांड के गवाह देवेंद्र सिंह ने नशे की हालत में फायरिंग की। घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट में दहशत का माहौल बन गया।
🔴 शराब, हंगामा और फिर गोली… बाल-बाल बची जान
बताया जा रहा है कि देवेंद्र सिंह अपार्टमेंट के फर्स्ट फ्लोर पर रहता है। गुरुवार रात उसने अपने कुछ दोस्तों के साथ नीचे बैठकर जमकर शराब पी। इसके बाद उसने तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब अपार्टमेंट के एक निवासी ने उसे रोकने की कोशिश की, तो देवेंद्र सिंह ने रिवॉल्वर निकालकर उसके कनपट्टी के पास गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली निशाना चूक गई और पीड़ित की जान बच गई।
🔴 प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप: रोज़ का है नशे में उत्पात
इस घटना की गवाह पीड़ित की पत्नी कंचन झा ने बताया कि देवेंद्र सिंह आएदिन शराब के नशे में अपार्टमेंट में हंगामा करता है। गुरुवार की रात भी उसने हद पार कर दी। उन्होंने बताया कि अत्यधिक नशे की वजह से ही उसका निशाना चूक गया, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
🔴 ड्राइवर की पिटाई, लग्जरी कारों पर गोलियों के निशान
घटना के दूसरे पीड़ित राजेश झा ने बताया कि जब वे शोर सुनकर नीचे पहुंचे, तो देखा कि देवेंद्र सिंह उनके ड्राइवर को बंदूक की बट से पीट रहा था। विरोध करने पर उसने उन पर भी गोली चला दी, जो बाईं आंख के पास से निकल गई। इस फायरिंग में उन्हें चोट आई है। पुलिस ने मौके पर लग्जरी कारों के शीशे टूटे और गोलियों के निशान भी पाए हैं।
🔴 फ्लैट से दो दर्जन जिंदा कारतूस बरामद, आरोपी फरार
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए। इसके साथ ही देवेंद्र सिंह के फ्लैट से दो दर्जन से अधिक जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

