धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत 8 लेन सड़क पर भेलाटांड़ के समीप शुक्रवार देर रात रेसिंग के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में दौड़ रही चार कारें आपस में टकरा गईं, जिससे दो बच्चों समेत कुल 8 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और अचानक सामने से आ रही गाड़ियों का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कुछ युवक कार रेसिंग कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कारें नियंत्रण खो बैठीं और एक के बाद एक चार गाड़ियां आपस में भिड़ गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए धनबाद के निजी व सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी कारों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कुछ देर तक 8 लेन सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
तेज रफ्तार, रेसिंग और सड़क पर अंधेरे को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर स्टंट और रेसिंग से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
