बिहार के जमुई जिले में घने कुहासे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देर रात NH-333 पर सोनो–झाझा मार्ग के पांच पहाड़ी मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने तीन बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के शिक्षक राजकुमार यादव के पुत्र अंकित कुमार तथा झाझा थाना क्षेत्र के रामचंद यादव के पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि घना कुहासा और कम दृश्यता हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। मामले की जांच जारी है।
हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन ने कोहरे के दौरान वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
