बंद BCCL भवन में 150 करोड़ का फर्जी लॉटरी सिंडिकेट बेनकाब, 9 प्रिंटर और 95 बंडल टिकट जब्त, एक गिरफ्तार
बंद पड़े BCCL भवन में चल रही थी अवैध मिनी प्रिंटिंग प्रेस
धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित बाबुडंगाल मोड़ पर पुलिस ने बीसीसीएल के बंद पड़े जर्जर भवन में चल रहे फर्जी लॉटरी टिकट सिंडिकेट का पर्दाफाश किया। गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी में करोड़ों रुपये के जाली टिकट और प्रिंटिंग उपकरण बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से यहां अवैध गतिविधियां चला रहा था।
150 करोड़ के जाली टिकट, 9 प्रिंटर और भारी उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 95 बंडल फर्जी लॉटरी टिकट, 9 प्रिंटर, 2 बड़े जेरॉक्स मशीन, पेपर कटर, स्टेपलर, इन्वर्टर, बैटरी, स्टेबलाइजर और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के अनुसार जब्त जाली टिकटों का अनुमानित मूल्य करीब 150 करोड़ रुपये है।
कई राज्यों तक फैला था फर्जी लॉटरी का नेटवर्क
पुलिस ने मौके से स्वरूप मल्लिक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि गिरोह झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी फर्जी लॉटरी टिकट की सप्लाई करता था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
कई आरोपी फरार, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
मामले में प्रकाश सिंह, भानु प्रताप सिंह, जय सिंह उर्फ पिंटा, ननहकु समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बीएनएस और लॉटरी विनियमन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस आर्थिक लेन-देन और पूरे रैकेट की जांच भी कर रही है

