गुमला में ट्रिपल मर्डर से दहशत: कहीं पिता बना बेटे का कातिल, तो कहीं अकेली वृद्धा की बेरहम हत्या
गुमला/रायडीह। झारखंड के गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह दो अलग-अलग हत्याओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ओर वर्षों से बेटे की प्रताड़ना झेल रहे वृद्ध पिता ने गुस्से और मजबूरी में अपने ही बेटे की जान ले ली, तो दूसरी ओर एक अकेली वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में दहशत का माहौल है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।
कलयुगी रिश्तों का खूनी अंत: पिता ने बेटे पर टांगी से किया हमला
रायडीह थाना क्षेत्र की सिकोई पंचायत अंतर्गत करीडा गांव में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने रिश्तों की मर्यादा पर सवाल खड़े कर दिए। 67 वर्षीय अरुण लोहरा ने अपने 47 वर्षीय पुत्र रमेश केरकेट्टा की टांगी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि उसका बेटा लंबे समय से शराब और नशे का आदी था। वह कोई काम नहीं करता था और आए दिन शराब के नशे में पिता के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। शुक्रवार की शाम भी रमेश ने अपने पिता के साथ मारपीट की थी। इसी घटना से आहत पिता ने रात में सो रहे बेटे पर टांगी से वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खून से लथपथ शव देखा तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया।
नशे में टूटा रिश्तों का बंधन: पति ने पत्नी की ले ली जान
गुमला। जिले के कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के सकरा गांव में घरेलू विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। जानकारी के अनुसार, नशे की हालत में हुए झगड़े के दौरान पति गोवर्धन मुंडा ने अपनी 46 वर्षीय पत्नी वीरसमनी देवी की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है। लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने इलाके के लोगों को चिंतित कर दिया है।
नशे की लत ने छीना बेटा, जेल पहुंचा पिता
ग्रामीणों के अनुसार रमेश की शराबखोरी और हिंसक व्यवहार से पूरा परिवार परेशान था। कई बार गांव के लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी आदतों में कोई बदलाव नहीं आया। बताया जाता है कि बुजुर्ग पिता आर्थिक और मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुके थे। रोज-रोज के झगड़े और मारपीट ने उन्हें अंदर से कमजोर कर दिया था। हालांकि कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है, लेकिन इस घटना ने ग्रामीणों के बीच नशे की बढ़ती समस्या और उसके दुष्परिणामों पर नई बहस छेड़ दी है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परसा गांव में अकेली वृद्ध महिला की हत्या से फैली दहशत
रायडीह थाना क्षेत्र के ही परसा गांव में दूसरी सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां 70 वर्षीय फगनी उरांव की अज्ञात अपराधियों ने निर्मम हत्या कर दी।
फगनी उरांव अपने पति की मृत्यु के बाद अकेले रहती थीं। शुक्रवार रात भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई थीं। शनिवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को चिंता हुई। जब ग्रामीण घर के अंदर पहुंचे तो वृद्धा का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। यह दृश्य देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
