औरंगाबाद में अवैध हथियार तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले में पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतरजिला हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से हथियारों और जिंदा कारतूस की बड़ी खेप बरामद की है।
खुफिया इनपुट पर शुरू हुआ अभियान
दाउदनगर के एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि बिहार पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और भोजपुर जिलों में अवैध पिस्टल, कट्टा और कारतूस की बड़े पैमाने पर आपूर्ति की जा रही है। इसके बाद गोह थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने संयुक्त अभियान चलाया।
डिहुरी बाजार के पास घेराबंदी कर पकड़े गए तस्कर
संयुक्त टीम ने गोह-रफीगंज मुख्य मार्ग पर डिहुरी बाजार के पास घेराबंदी कर तीन बाइक पर सवार चार तस्करों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में झारी गांव निवासी रोहित कुमार उर्फ बिल्लू सिंह उर्फ बिल्टा, टनकुप्पी गांव निवासी गणेश कुमार उर्फ विक्रम, प्राणपुर निवासी मो. सोहेल उर्फ बलिस्टर आलम उर्फ बली और इश्तेखार आलम शामिल हैं।
भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और सामान बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन लोडेड पिस्टल, दो देशी कार्बाइन, दो कट्टा, एक टूटा हुआ कट्टा, 159 जिंदा कारतूस, सात मैगजीन, तीन बाइक, चार मोबाइल और दो खोखा बरामद किए। पूछताछ के बाद प्राणपुर गांव में एक घर से बिक्री के लिए छिपाकर रखे गए हथियार और कारतूस भी मिले।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों के नेटवर्क और आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इनका संबंध अन्य आपराधिक घटनाओं से तो नहीं रहा है

