धर्मेंद्र पटेल । दैनिक स्टेट
हाय रे कलयुग! शादी का झांसा देकर बिहारी युवती ने इलाहाबादी युवक को बनाया शिकार, लाखों के जेवर लेकर हुई फरार
देवघर: झारखंड के देवघर में शादी के नाम पर भरोसा जीतकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। प्रयागराज (इलाहाबाद) निवासी युवक ने आरोप लगाया है कि पटना की रहने वाली एक युवती ने पहले प्रेम और शादी का भरोसा दिलाया, फिर उससे रुपये मंगवाए और आखिरकार बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचने के बाद लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने बाबा मंदिर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मोबाइल पर हुई दोस्ती, चार किश्तों में भेजे ₹85 हजार… फिर बाबा धाम बुलाकर रच दी बड़ी साजिश!
शिकायत के मुताबिक प्रयागराज के नैनी निवासी श्रीकांत तिवारी की पांच दिन पहले मोबाइल के जरिए पटना की रेणु कुमारी से बातचीत शुरू हुई। युवती ने खुद को अनाथ बताते हुए भावनात्मक कहानी सुनाई और कहा कि उसके जेवर गिरवी हैं। युवक ने भरोसा कर चार किस्तों में ऑनलाइन 85 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद युवती ने देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शादी करने का प्रस्ताव रखा और युवक को अकेले आने के लिए तैयार कर लिया।
पहले नहाने भेजा, फिर बैग से गायब हुए ढाई-तीन लाख के जेवर… देखते रह गया दूल्हा बनने पहुंचा युवक
पीड़ित के अनुसार दोनों बाबा मंदिर परिसर स्थित पाठक धर्मशाला पहुंचे। वहां युवती ने पहले खुद नहाने की बात कही और फिर युवक को भी शौचालय में भेज दिया। इसी दौरान वह बैग में रखे करीब ढाई से तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। बाहर आने पर युवक ने काफी तलाश की, जसीडीह रेलवे स्टेशन तक खोजबीन की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला।
सावधान! अब शादी के नाम पर युवकों को भी बनाया जा रहा निशाना, पुलिस ने दी जांच की बात
यह मामला एक बार फिर बताता है कि ऑनलाइन दोस्ती और शादी के झांसे में सिर्फ युवतियां ही नहीं, बल्कि युवक भी ठगी का शिकार हो रहे हैं। साइबर और मैट्रिमोनियल फ्रॉड के कई मामलों में पहले भावनात्मक रिश्ता बनाया जाता है, फिर रुपये या कीमती सामान ठग लिया जाता है। देवघर पुलिस शिकायत के आधार पर युवती की पहचान और उसके ठिकानों की जांच कर रही है। विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि सोशल मीडिया या मोबाइल पर हुई जान-पहचान के आधार पर बिना पूरी जांच-पड़ताल के किसी को पैसे भेजने या अकेले मिलने जाने से बचें।

