धर्मेंद्र पटेल । दैनिक स्टेट
राहुल दुबे गैंग पर हजारीबाग पुलिस का शिकंजा: ‘हाफ एनकाउंटर’ में एक बदमाश के पैर में गोली, दूसरा गिरफ्तार
हजारीबाग: केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर बड़ी आपराधिक वारदात और लेवी वसूली की साजिश को विफल कर दिया गया।
गुप्त सूचना ने बदला पूरा खेल, रातोंरात बिछा पुलिस का जाल
देर रात पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ सदस्य चंद्रगुप्त माइंस क्षेत्र में सक्रिय हैं और किसी बड़ी घटना की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए केरेडारी थाना पुलिस ने इलाके में वाहन जांच अभियान शुरू किया और संभावित रास्तों पर घेराबंदी कर दी। इसी रणनीति ने अपराधियों की योजना पर पानी फेर दिया।
पुलिस को देखते ही चली गोलियां, जवाबी फायरिंग में घायल हुआ बदमाश
चंद्रगुप्त माइंस के पास बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस कार्रवाई को स्थानीय लोग “हाफ एनकाउंटर” के रूप में देख रहे हैं।
लेवी वसूली की साजिश पर लगा ब्रेक, कोल परियोजना क्षेत्र में बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधी चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र में लेवी वसूली की योजना बना रहे थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। कोल परियोजना और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसपी खुद पहुंचे मौके पर, गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और एसडीपीओ अमित आनंद घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घायल अपराधी का इलाज पुलिस सुरक्षा में कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर राहुल दुबे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। उनकी पहचान और बरामद हथियारों सहित अन्य जानकारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के बाद सार्वजनिक की जाएगी।

