हजारीबाग में अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा, चाल धंसने से दो मजदूरों की मौत
लुरुंगा में अवैध कोयला खनन के दौरान दर्दनाक हादसा, दो मजदूरों की मौत
हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत उरीमारी थाना क्षेत्र के लुरुंगा गांव में शनिवार दोपहर अवैध कोयला खनन के दौरान चाल (खनन सुरंग) धंसने से दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शिबू बेदिया और सुखदेव गंझू (कुछ स्थानीय सूत्रों के अनुसार सुरेन्द्र गंझू) के रूप में की जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया।
प्रशासनिक पुष्टि का इंतजार, ग्रामीणों ने दो मौतों की दी जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी और प्रशासन की ओर से भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन के दौरान अचानक चाल धंसने से दोनों मजदूर मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
लगातार हो रहे हादसों से नहीं थम रहा अवैध खनन
उरीमारी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन के दौरान हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले 21 जून को बादाम के राउतपारा के समीप कथित अवैध कोयला खदान में चाल धंसने से एक मजदूर की जान चली गई थी। बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
सुरक्षा व्यवस्था और कार्रवाई पर उठे सवाल
लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासन और खनन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध कोयला खनन लंबे समय से जारी है, लेकिन इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को उचित सहायता देने की मांग की है।

