निगरानी विभाग की टीम ने दुल्हिन बाजार प्रखंड के खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) अभिषेक अकेला को पीडीएस दुकानदार से कमीशन के तौर पर 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपाधीक्षक सह धावादल प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रखंड के काब गांव की पीडीएस दुकानदार विभा कुमारी ने आपूर्ति पदाधिकारी के खिलाफ निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर निगरानी विभाग ने धावादल का गठन किया।
बुधवार को कार्रवाई करते हुए टीम ने पालीगंज अनुमंडल परिसर स्थित आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यालय से रुपये लेते समय उन्हें धर दबोचा।
शिकायतकर्ता विभा कुमारी ने बताया कि आपूर्ति पदाधिकारी कई दिनों से लगातार 10 हजार रुपये कमीशन की मांग कर रहे थे। इस प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने निगरानी विभाग का सहारा लिया, जिसके बाद यह कार्रवाई संभव हो सकी।
निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से प्रखंड क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।