Raigarh Crime News: रायगढ़ में नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला मनचला गिरफ्तार, स्कूटी से जाते समय की थी गंदी हरकत
रायगढ़: नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में, पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. रायगढ़ पुलिस ने बताया कि आरोपी एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहा था. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को धरदबोचा.
नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला गिरफ्तार
दरअसल, पूरी वारदात 28 दिसंबर 2025 की है. पीड़ित छात्रा अपनी सहेली के साथ स्कूटी से जा रही थी. इस दौरान भरे बाजार में आरोपी युवक ने नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की. पीड़िता का ये भी कहना था कि आरोपी ने उसे अश्लील इशारे भी किए, आरोपी जबरन उससे उसका मोबाइल नंबर भी मांगने लगा. छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया भी. छात्रा ने जब आरोपी से कहा कि वो उसकी शिकायत करेगी, तो आरोपी वहां से भाग निकला.
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी पीड़िता ने अपने घर आकर परिवार वालों को दी. परिवार वालों ने बेटी की बात सुनकर, घटना की शिकायत थाने में करने की ठानी. पीड़िता ने परिवार के साथ थाने पहुंचकर अपने साथ हुई पूरी वारदात की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की. इधर आरोपी को जैसे ही पता चला कि पीड़िता ने उसके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है, आरोपी फरार हो गया.
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस की टीमें लगातार आरोपी की पतासाजी में जुटी थी. इसी बीच पुलिस को मुखबिर से खबर मिली की आरोपी शहर में देखा गया है. पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया. पकड़े गए युवक की उम्र 20 साल है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. रायगढ़ एसपी ने सभी थाना पुलिस को निर्देशित किया है, कि वो अपने अपने इलाके में महिला एवं नाबालिगों से हो रहे अत्याचार के खिलाफ कड़ाई से काम करें.
इन बातों का रखना चाहिए ध्यान
- अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी चाहिए
- घटना को छिपाने की जगह परिवार वालों को बताएं
- पीड़िता के चुप्पी साधने से अपराधियों का हौसला बढ़ता है
- अपराध घटित होने पर पुलिस को पूरी जानकारी देनी चाहिए