जामताड़ा में जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ सदस्यों ने खोला मोर्चा, अविश्वास प्रस्ताव के लिए दिया आवेदन
जामताड़ा: जिला परिषद की अध्यक्ष के खिलाफ जिला परिषद के सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया है. सदस्यों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव हेतु आवेदन जिला परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डीडीसी को सौंपा. जिला परिषद के 7 सदस्य हैं जिन्होंने आधिकारिक तौर पर हस्ताक्षर कर अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन सौंपा.
वर्तमान में जिला परिषद के 14 निर्वाचित सदस्य में 13 सदस्य हैं
जामताड़ा जिला परिषद में कुल 14 निर्वाचित सदस्यों में वर्तमान में 13 सदस्य हैं. एक सदस्य की मृत्यु होने के बाद एक सीट खाली पड़ी हुई है. 13 निर्वाचित सदस्यों में से 7 सदस्यों ने हस्ताक्षर कर अविश्वास प्रस्ताव अध्यक्ष के खिलाफ सौंपा है.
सदस्यों का क्या कहना है
अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले जिला परिषद के सदस्यों का कहना है कि वर्तमान जिला परिषद की अध्यक्ष राधा रानी सोरेन ने अभी तक एक भी बैठक नहीं बुलाई है और ना ही फंड की कोई जानकारी देती हैं. इसलिए उनके खिलाफ में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है.
जिला परिषद के अध्यक्ष ने लगाया भेदभाव का आरोप
जिला परिषद की अध्यक्ष राधा रानी सोरेन भाजपा से संबंध रखती हैं. उन्होंने अपने खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बताया कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है. क्योंकि वह बीजेपी से हैं, इसलिए कांग्रेस द्वारा भेदभाव बरता जा रहा है.
उन्होंने जामताड़ा विधायक और झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर साजिश करने का आरोप लगाया. बहरहाल जो भी हो जिला परिषद की अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर राजनीति गरमा गई है.