धनबाद: जिले में खनन विभाग की टीम ने अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी की है. यह छापेमारी शनिवार की देर रात चिरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचेत रोड स्थित एक गोदाम में चल रहा अवैध बालू भंडारन में की गई. जहां खनन विभाग की टीम ने दो ट्रक समेत एक जेसीबी मशीन जब्त की है. जब्त दोनों ट्रक में बालू लोड किया हुआ था, जिसे जेसीबी मशीन से लोड किया गया था.
इस संबंध में खनन विभाग के इंस्पेक्टर श्यामनंदन सिंह ने बताया कि विभाग को एक गुप्त सूचना मिली थी. जिसमें बताया गया कि चिरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचेत रोड के पुष्पा लॉज के सामने एक गोदाम में अवैध रूप से बालू का भंडारन किया जा रहा है. इसी सूचना के तहत छापेमारी की गई.
इंस्पेक्टर श्यामनंदन ने बताया कि मौके पर से दो ट्रक और एक जेसीबी मशीन को जब्त की गई है, जिसमें दोनों ट्रकों में बालू लोड किया हुआ था. सभी जब्त वाहनों को चिरकुंडा थाना ले जाया गया, लेकिन चिरकुंडा थाना प्रभारी रामजी राय द्वारा जब्ती सूची नहीं लिए जाने के कारण खनन टीम ने चिरकुंडा थाने के ओडि इंचार्ज को सौंप कर वापस लौट गई. इस छापेमारी टीम में ब्रह्मदेव कुमार यादव, राजकुमार दास सहित पुलिस बल मौजूद थे.