बलरामपुर : रामचंद्रपुर विकासखंड क्षेत्र के पलगी गांव के शासकीय प्राथमिक शाला के थप्पड़बाज हेड मास्टर को पुलिस ने अरेस्ट किया है. शिक्षा विभाग ने पहले ही मासूम की बेरहमी से पिटाई करने वाले हेड मास्टर को निलंबित कर दिया था.लेकिन मासूम के परिजनों ने आरोपी हेड मास्टर उदय यादव के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया,जिसके बाद कोर्ट ने उदय यादव को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया.
क्या था मामला?
बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत जावाखाड़ी प्राइमरी स्कूल में तैनात हेड मास्टर उदय यादव ने बीते शुक्रवार को लंच ब्रेक के बाद कक्षा दूसरी में पढ़ने वाले छात्र को गिनती सुनाने को कहा. छात्र ने गिनती सुनाने में गलती की,जिस पर उदय यादव छात्र पर आग बबूला हो गया.उदय यादव ने गलती करने पर छात्र की बेरहमी से पिटाई की,जिससे उसकी चेहरे और आंख में गंभीर चोट आई. बच्चे की हालत देखने के बाद उसके परिजन और ग्रामीण काफी आक्रोश में आ गए.
शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई
जावाखाड़ी के प्रधान पाठक उदय यादव के मासूम छात्र को पीटने के मामले में परिजनों शिक्षा विभाग के अधिकारी से शिकायत की और फिर पुलिस थाना पहुंचकर अपराध पंजीबद्ध कराया. इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी एमआर यादव ने प्रधान पाठक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की,वहीं सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया.