धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध रेत परिवहन पर लगातार एक्शन हो रहा है और वाहनों को जब्त किया जा रहा है. इन जब्त वाहनों को कंपोजिट बिल्डिंग में रखा जा रहा है, लेकिन देख रेख के अभाव में शुक्रवार को एक हादसा हो गया. कंपोजिट परिसर में खड़े एक हाईवा वाहन से अचानक धुआं उठने लगा. गनीमत रही कि एक नगर सैनिक ने समय रहते देख लिया.
बड़ा हादसा टला: दरअसल खनिज विभाग द्वारा जब्त किए गए हाईवा में शुक्रवार शाम बैटरी के पास अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई. पास में ही खड़े नगर सैनिक ने तुरंत बाल्टी से पानी डालकर उसे बुझाया. बाद में फायर ब्रिगेड ने मोर्चा संभाला.
कैसे लगी आग: राजनांदगांव की एक हाईवा बैटरी के पास अचानक आग लग गई. हालांकि आग पर काबू पा लिया गया. यदि आग बढ़ती तो दोनों तरफ और हाईवा रखे हुए थे. इसके अलावा कंपोजिट बिल्डिंग में मधुमक्खी के छत्ते भी हैं. धुआं से वहां पर और स्थिति भयावह हो सकती थी.
कलेक्ट्रेट ड्यूटी पर तैनात नगर सैनिक लीलाराम कुर्रे ने बताया कि चाय पीने कैंटीन में आया हुआ था. इसी दौरान उसने देखा कि हाईवा के बैटरी के पास चिंगारी निकल रही है. पास जाकर देखा तो आग लगनी शुरू हो गई थी. तुरंत कैंटीन से बाल्टी में पानी लाकर उसे बुझाया. इस बीच फायर ब्रिगेड को भी सूचना दे दी गई. फायर ब्रिगेड की टीम ने आकर बाकी का काम कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
यहां बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन समय पर आग पर काबू पा लिया गया-लीलाराम कुर्रे, नगर सैनिक
टायर फट सकता था, विस्फोट हो सकता था, जनधन की बड़ी हानि हो सकती थी लेकिन हादसा टल गया-राजेश हिरवानी
फायर ब्रिगेड टीम में राजेश हिरवानी के साथ ही, रोहित शिवना,चालक उमेश कौशिक शामिल थे. हाइवा वाहन के ड्राईवर सोहन साहू ने बताया कि रेत से भरे हाईवा को 14 सितंबर को पकड़ा गया था. जिसे वह छुड़ाने आया था. गाड़ी के कागजात लाने गया था. आशंका है कि बैटरी के वायर शॉट हो गए होंगे, जिसकी वजह से सामने के टिन और रबड़ में आग लगनी शुरू हो गई. यदि लंबे समय तक आग बढ़ती तो टैंक में भी जा सकती थी.