गोहाना- यदि आपके घर भी दूध वाला आता है और आप उसे दूध की क्वालिटी को लेकर टोकते हैं, तो ये खबर आप के लिए हैं। दरअसल, हरियाणा के गोहाना से एक ऐसी खबर आई है जो आपको हैरान कर देगी। यहां महज दूध बंद करने से नाराज एक दूधिये ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक आढ़ती के बेटे पर घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। चाकू और डंडों से किए गए इस हमले में युवक के सिर और चेहरे पर 57 टांके आए हैं। इस हमले को देख आस पड़ोस में दहशत का माहौल बना हुआ है।
आपको बता दें, वारदात का तरीका किसी फिल्मी पटकथा जैसा था। हमलावर पास में ही बन रहे एक निर्माणाधीन मकान के रास्ते छत के जरिए अजय के घर में दाखिल हुए। रात करीब डेढ़ बजे जब अजय को दरवाजा धकेलने की आवाज आई और वे दूसरी मंजिल की तरफ बढ़े, तभी पीछे से घात लगाकर बैठे एक युवक ने उनके सिर पर डंडे से वार किया और दूसरे ने चाकू से हमला कर दिया। अजय के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर उसी निर्माणाधीन मकान के रास्ते फरार हो चुके थे। अजय की हालत इतनी गंभीर थी कि नागरिक अस्पताल से उन्हें तुरंत रोहतक रेफर किया गया।
