Blog

  • दिल्ली को करेंगे गड्ढ़ा मुक्त…आधी रात को सड़कों पर उतरीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

    दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पद संभालने के बाद से ही लगातार सुर्खियों में हैं. इसी कड़ी में वह सोमवार देर रात समयापुर बादली एरिया में हो रहे सड़क निर्माण का निरीक्षण किया. आधी रात को सीएम रेखा गुप्ता को सड़कों पर देखकर लोग भी चौंक गए.

    बता दें कि बाहरी रिंग रोड पर समयपुर बादली पुलिस स्टेशन के सामने सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है. इसी सड़क निर्माण का निरीक्षण करने खुद रेखा गुप्ता पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने मीडियाकर्मियों से भी बात की.

    रिंग रोड को करेंगे गड्ढा मुक्त

    सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि 12.5 करोड़ रुपए की लागत वाली परियोजना में रिंग रोड के दोनों तरफ घने बिटुमिन का काम किया जा रहा है. सीएम ने कहा कि मधुबन चौक से मुकरबा चौक तक दो लेयर का काम चल रहा है ताकि आने वाले समय में रिंग रोड से गड्ढे खत्म किए जा सकें. हम इसी काम के निरीक्षण के लिए यहां पहुंचे हैं. हमारा लक्ष्य है कि मानसून से पहले पूरी रिंग रोड को गड्ढा मुक्त किया जाए.

    रिंग रोड से गड्ढों को करेंगे खत्म

    सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आने वाले समय से रिंग रोड से गड्ढों को खत्म कर दिया जाएगा, ताकि एक समतल रोड दिल्ली की जनता को मिले. उन्होंने कहा कि रिंग रोड वह सड़क है, जो सबसे ज्यादा चलती है. उन्होंने कहा कि 12.5 करोड़ की लागत से यह काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को बधाई कि वह अब इतने क्षेत्र को गड्ढामुक्त पाएंगे. इसके अलावा भी पूरी रिंग रोड के काम को हम करा रहे हैं. हमारा लक्ष्य है कि बारिश से पहले हम रिंग रोड को पूरी तरह गड्ढा मुक्त कर दें.

    मंत्री प्रवेश वर्मा ने दी थी चेतावनी

    अभी कुछ दिन पहले दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा था कि पूरी दिल्ली में सड़कों पर अतिक्रमण है. हर जगह रेहड़ी-पटरी वालों ने कब्जा कर रखा है. उन्होंने कहा कि जिस विभाग की सड़क है यदि वो शिकायत करता है तो समय सीमा में एसटीएफ एक्शन ले, हम इसकी व्यवस्था कर रहे हैं. प्रवेश वर्मा ने कहा कि एसटीएफ में निगम, जिला प्रशासन, पुलिस यातायात सभी विभाग रहते हैं. उन्होंने कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी.

  • ‘कटवा कर ड्रम में भरवा देंगे…’ पति का आरोप- लव मैरिज के बाद पत्नी ने नरक बना दी जिंदगी

    उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक पति अपनी ही पत्नी से बचाने को लेकर अधिकारियों से गुहार लगाता हुआ नजर आया. युवक जल निगम विभाग में जेई के पद पर है. पीड़ित का नाम धर्मेंद्र कुशवाहा है. उसका आरोप है कि उसकी पत्नी माया मौर्या ने मेरठ कांड जैसा हॉल करके ड्रम में काटकर भरने की धमकी दी है. पीड़ित युवक का कहना है कि उसकी पत्नी उसके साथ मारपीट करती है. इस संबंध में उसने पहले भी थाने में केस दर्ज कराया है.

    धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया कि घर के सेकंड फ्लोर पर रख ड्रम और सीमेंट की बोरियां रखी हैं. पत्नी ने उसे दिखा करके मेरठ जैसा कांड करने की धमकी दी है. धर्मेंद्र झांसी का रहने वाले है. धर्मेंद्र और माया मौर्या ने साल 2016 में दोनों परिवारों की सहमति से लव मैरिज की थी. दोनों को एक भी है, जिसकी उम्र 3 साल है.

    पत्नी का दूसरे से अफेयर

    पति का आरोप है कि पत्नी ने अपने नाम तीन टैक्सी गाड़ियां खरीदवाईं, ताकि उसे चलवा करके वो भी कमाई कर सके. साथ ही खुद धर्मेंद्र ने गाड़ियों की किस्त भी भरी. 2022 में डिहवा में एक जमीन ली थी. उसी जमीन पर मकान बनाने के लिए पत्नी माया मौर्या ने एक दूर के रिश्तेदार नीरज मौर्या को निर्माण का काम दिया था. धर्मेंद्र का आरोप है कि इसी दौरान माया का नीरज मौर्या से अफेयर हो गया. नीरज की पत्नी का कोरोना कॉल में निधन हो गया था.

    धर्मेंद्र के मुताबिक, 7 जुलाई 2024 को वह अचानक घर आय़ा. उसने देखा कि माया और नीरज साथ लेटे हैं. इसका विरोध किया तो पत्नी और उसके प्रेमी ने उसके साथ मारपीट की और घर से दोनों फरार हो गए. 25 अगस्त 2024 को पत्नी दोबारा अपने प्रेमी के साथ घर आई और जबरदस्ती ताला तोड़कर घर पर कब्जा कर लिया. इस दौरान घर में घुसकर मारपीट करके 15 ग्राम सोना और 14400 रुपये कैश लेकर फरार हो गई.

    थाने में केस दर्ज

    पीड़ित पति ने 1 सितंबर 2024 को अपनी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. फिर इसके बाद पत्नी दोबारा अपने पति के घर पहुंची और अपने प्रेमी और तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर 2 सितंबर 2024 को पति के साथ जमकर मारपीट की. इसको लेकर पति द्वारा 10 अक्टूबर 2024 को भी नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था.

    धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया कि 25 अगस्त 2024 से ही अपनी पत्नी की धमकी के डर से वह अलग किराए का मकान लेकर रह रहा है. यह विवाद दोबारा फिर से इसलिए अब शुरू हुआ, क्योंकि 19 मार्च 2025 को पीड़ित के पास पत्नी माया और उसका प्रेमी पहुंचा. वहां फिर मारपीट की. इसके बाद धर्मेंद्र ने मौके पर पुलिस बुलाई. नगर कोतवाली में दोनों के बीच समझौता हुआ कि 2 दिन में पत्नी माया मौर्या पति का मकान खाली कर देगी. लेकिन 21 मार्च 2025 से माया ने फिर मारपीट करनी शुरू कर दी. मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.

    कैसे हुई थी मुलाकात?

    धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया कि 2012 में हमारी मुलाकात माया मौर्या से एक मैग्जीन के माध्यम से हुई थी. इस मुलाकात के बाद दोनों का रिश्ता दोस्ती में तब्दील हो गया और 2016 में दोनों ने शादी कर ली. लेकिन फिर कुछ दिन बाद ही उसकी पत्नी ने मारपीट शुरू कर दी. अब मेरी पत्नी धमकी दे रही है कि ज्यादा बोलोगे तो तुमको ड्रम में भरवा देंगे नीरज (प्रेमी) के गुंडो से कटवा देंगे. उसने हमारी जिंदगी नरक बना दी.

  • दिल्ली-UP में लगातार बढ़ रहा पारा, 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

    बारिश और बर्फबारी जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक, देश में अप्रैल से जून तक तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है तथा मध्य एवं पूर्वी भारत और उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में अधिक दिन लू चल सकती है. आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज तेज धूप निकलेगी, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हो सकता है.

    विभाग के जारी आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.इसके अलावा दिन के वक्त तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजधानी के अधिकतम तापमान में इजाफा हो सकता है. दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम है.

    तेज हवाएं चलने की उम्मीद

    मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में भयंकर गर्मी पड़ने वाली है. कई जिलों में तापमान 35℃ के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार 2 अप्रैल से आने वाले पांच दिनों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है. बिहार में भी गर्मी का सितम जारी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों में तापमान में 4 डिग्री तक का इजाफा होगा. हालांकि सुबह-शाम हल्की ठंडी हवा चलेगी. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और असम में काफी तेज हवाएं चलने की उम्मीद है.

    तापमान में दर्ज की जा रही बढ़ोतरी

    उत्तराखंड में मौसम में कोई बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है. राज्य का मौसम पिछले कुछ दिनों से शुष्क बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर में तेज धूप के कारण लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हालांकि पहाड़ों में सुबह-शाम हल्की ठंडक देखने को मिल रही है.

    बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान

    हिमाचल प्रदेश में तीन अप्रैल को प्रदेश तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है. वहीं अन्य जिलों में छह अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा. राजस्थान में मौसम की लगातार बदलाव की स्थिति बनी हुई है. हाल ही में, तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कुछ जिलों में आज बारिश की उम्मीद है. इसके अलावा राज्य का मौसम शुष्क रहेगा.

    इन राज्यों में अलर्ट

    मौसम विभाग ने 3 अप्रैल तक महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में बिजली चमकने, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, आंध्र प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में बिजली चमकने की संभावना है. वहीं गुजरात में 1 अप्रैल तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.

  • जम्मू-कश्मीर: कठुआ में 9 दिन में तीसरी मुठभेड़, सेना ने एक आतंकी को उतारा मौत के घाट, सर्च ऑपरेशन जारी

    जम्मू कश्मीर 9 दिन में तीसरी बार सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई. ये मुठभेड़ कठुआ के पंजतीर्थी क्षेत्र मे कल देर रात शुरू हुई. बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी होना बाकी है. सुरक्षाबलों को सोमवार देर रात इलाके में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी, जिसके बाद सेना ने सर्चिंग शुरू की.

    रात करीब सवा दस बजे गश्त कर रहे सुरक्षाबल व आतंकियों का आमना-सामना हुआ था. इसके साथ बिलावर से बड़ी संख्या में सुरक्षाबल मुठभेड़ स्थल पर पहुंच गए. यह क्षेत्र बिलावर तहसील में रामकोट पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है. माना जा रहा है घेर में वही तीन आतंकी फंसे हैं, जो सुफैन में अपने दो साथी आतंकियों के मारे जाने के बाद घटनास्थल से भाग निकले थे.

    इसके बाद ये आतंकी बीते दिन रुई क्षेत्र में देखे गए थे. पंजतीर्थी क्षेत्र रुई क्षेत्र से आगे ही पड़ता है, जो घुसपैठियों का बिलावर तक पहुंचने का पारंपरिक रूट रहा है. यह तीनों आतंकी JEM के हैं पाकिस्तानी है सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को कार्डन रखा है ताकि जल्द से जल्द इन आतंकियों का खात्मा किया जाए.

    9 दिन में तीसरी मुठभेड़

    जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बीते 9 दिनों में कठुआ में सुरक्षाबलों की आतंकियों से यह तीसरी मुठभेड़ है. पहली मुठभेड़ 23 मार्च को हीरानगर सेक्टर में हुई थी. 28 मार्च दूसरी बार मुठभेड़ हुई. तो वहीं तीसरी मुठभेड़ एक दिन पहले 30 मार्च को कठुआ के पंजतीर्थी क्षेत्र में हुई. इस मुठभेड़ में एक आतंकी के मारे जाने की खबर है, फिलहाल आतंकी की मौत की पुष्टी सेना की तरफ से नहीं हुई है.

    सेना का सर्च ऑपरेशन जारी

    भारतीय सुरक्षा बलों ने हवाई निगरानी और खोजी कुत्तों की मदद से तीनों की तलाश तेज कर दी है. तलाशी के दायरे में राजबाग क्षेत्र के रुई, जुथान, घाटी और सान्याल के जंगली इलाके और बिलावर के कुछ हिस्से शामिल हैं. सुरक्षा बलों ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सांबा सेक्टर के साथ-साथ रियासी और उधमपुर जिलों में भी तलाशी अभियान चलाया.

  • झारखंड: साहिबगंज में दो मालगाड़ियों में टक्कर, इंजन के उड़े परखच्चे, दो की मौत

    झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहेट में एनटीपीसी फाटक के पास दो मालगाड़ियां आपस में टकरा गईं. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मालगाड़ियों के इंजन के परखच्चे उड़ गए. इंजन में आग लग गई. इस हादसे में 2 लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हैं. वहीं एक रेल कर्मी अब भी इंजन में फंसा हुआ है. मौके पर बचाव टीम पहुंची है. रेस्क्यू कार्य जारी है.

    दोनों मालगाड़ियों में कोयला लदा था. हादसे की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया. साहिबगंज मुख्यालय से मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम की ओर से आग बुझाई जा रही है. मौके पर रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी भी पहुंचे हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, इंजन में सात लोग सवार थे, जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

    घायलों को सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती

    घायलों को बेहतर इलाज के लिए साहिबगंज जिला के बरहेट स्थित सदर अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. लमटिया से कोयला लेकर फरक्का जा रही मालगाड़ी ने रेलवे ट्रैक पर पहले से खड़ी मालगाड़ी को टक्कर मारी है. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के इंजन में आग लग गई. इस हादसे में 2 लोको पायलट की मौत हुई है. वहीं घायलों में चार सीआईएसएफ के जवान शामिल हैं.

    इंजन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त

    हादसे के बाद इंजन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रैक से अलग होकर पलट गया. मालगाड़ियों के डिब्बे पटरी से उतर आए और एक-दूसरे पर चढ़ गए. इस हादसे के बाद इस रूट पर ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया. पीछे चल रहीं ट्रेनें अपने-अपने स्टेशनों पर खड़ी हैं.

    मौके पर पहुंचा बचाव दल रेस्क्यू कार्य में जुटा है. वहीं, इस रूट से जाने वाली ट्रेनों के लिए अधिकारी वैकल्पिक रूट पर विचार कर रहे हैं. ट्रैक भी क्षतिग्रस्त हुआ है. इसे दुरुस्त करने में दो से तीन दिनों का समय लग सकता है.

  • ‘बुलडोजर मॉडल’ को क्यों अपनी उपलब्धि नहीं मानते हैं योगी आदित्यनाथ?

    देशभर में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. कई राज्यों में एक समय पर बुलडोजर कार्रवाई चर्चा में रही. इसको लेकर विपक्ष कई बार सवाल खड़े कर चुकी है. पिछले दिनों मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बुलडोजर कार्रवाई का पक्षधर नहीं हूं. तो वहीं पंजाब के सीएम भगवंत मान ने साफ कहा कि वे बुलडोजर कार्रवाई आगे जारी रखेंगे. इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान भी बुलडोजर कार्रवाई पर सामने आया है.

    सीएम योगी आदित्यनाथ से हाल में पीटीआई के एक इंटरव्यू के दौरान पूछा गया कि बुलडोजर काफी चर्चा में है और एक तरह से आपका ही मॉडल है. जो कई बीजेपी शासित राज्यों में इस्तेमाल हुआ है. इसे आप अपनी उपलब्धि समझते हैं?

    सीएम ने जवाब दिया कि ये कोई उपलब्धि नहीं है. ये यहां की आवश्यकता थी और उस आवश्यकता के अनुरूप हम लोगों को उचित लगा वो हमने किया. आज भी हम लोग जहां कहीं भी अतिक्रमण होता है, उसको खाली कराने के लिए उसी का इस्तेमाल होता है. बुलडोजर यह इर्फ्रासटर्चर को भी दे सकता है, इसके साथ ही अतिक्रमण को हटा भी सकता है. मुझे लगता है कि हम लोगों ने बुलडोजर का सही इस्तेमाल किया है.

    बुलडोजर एक्शन पर पंजाब सीएम का बयान

     दूसरे दिन पंजाब के सीएम भगवंत मान ने शिरकत की थी. इस दौरान उन्होंने बुलडोजर एक्शन पर खुलकर बात की. बुलडोजर एक्शन को लेकर सत्ता सम्मेलन में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में बुलडोजर कार्रवाई जरूरी है. पंजाब में नशाखोरी धंधा करने वालों के घर तोड़कर न्याय कर रहा हूं. इलेक्टर फैसला करेंगे, सलेक्टर नहीं. कोर्ट में कई मामलों में सालों लग जाते हैं. 20 साल तक मुकदमे चलते हैं. कोर्ट ही नहीं सरकारें भी फैसला करती हैं. उन्होंने कहा कि ये एक तरह से न्याय ही हो रहा है, जो मैं पंजाब में कर रहा हूं.

  • ‘दे दूंगा श्राप, मैं सूर्यवंशी क्षत्रिय हूं…’ BJP MLA का Video वायरल

    उत्तर प्रदेश की बस्ती के हर्रेया विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक अजय सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में अजय सिंह उनपर लगे आरोपों को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने वालों को श्राप देते दिखाई दे रहे हैं. दरअसल, एक लड़के की 25 मार्च को मौत हो गई थी. घरवालों ने आरोप लगाया कि पुलिस की पिटाई से उसकी मौत हुई. इसी मामले में एक अफवाह उड़ी कि विधायक पुलिस को सपोर्ट कर रहे हैं और प्राथमिकी दर्ज नहीं होने दे रहे हैं. इसके बाद विधायक ने अपनी सफाई दी.

    वीडियो में बीजेपी विधायक कहते दिख रहे हैं कि ‘ मेरे खिलाफ भ्रम फैलाया जा रहा है. ऐस अफवाहों से बचें. नवरात्रि में व्रत किया है. ये मत समझिए कि जो मठ और पुजारी हैं, वो ही श्राप दे सकते हैं. मैं एक सूर्यवंशी क्षत्रिय हूं. मैं माता दुर्गा की सौगंध खाकर कहता हूं कि मैं भी श्राप दे सकता हूं. इस तरह की राजनीति करने वालों का विनाश हो जाएगा. ‘

    क्या है मामला?

    बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के उभाई गांव में आदर्श उपाध्याय की 25 मार्च को मौत हो गई थी. परिजन ने पुलिस की पिटाई से मौत का आरोप लगाया था. इस घटना के विरोध में बीजेपी, सपा और कांग्रेस के नेता पीड़ित परिवार मिले और उनके साथ खड़े नजर आए. इसके बाद एसओ जितेंद्र को लाइन हाजिर किया गया और एक दरोगा एक सिपाही को निलंबित किया गया.

    इस घटना को लेकर बीजेपी विधायक अजय सिंह पर पुलिस वालों का साथ देने की अफवाह फैलने लगी. इसके बाद अजय सिंह पीड़ित परिवार से मिले और अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि जो लोग भ्रम फैला रहे कि हम पुलिस की साथ दे रहे हैं, मैं उनको श्राप दे सकता हूं. इतनी बड़ी घटना हुई है. एक ब्राह्मण की हत्या हुई है और उसके बाद कोई कह रहा है कि विधायक संरक्षण दे रहे हैं, एफआईआर नहीं होने दे रहे हैं, जो लोग इस तरह की राजनीति कर रहे हैं, उनका विनाश हो जाएगा, नोट कर लो मैं भी श्राप दे सकता हूं.

    क्या बोले विधायक?

    विधायक अजय सिंह ने कहा कि घटना के दिन सबसे पहले पहुंचने वाला नेता मैं ही हूं. पोस्टमार्टम मेरी देखरेख में हुआ. वीडियोग्राफी कराई गई है. एसओ को मैंने लाइन हाजिर करवाया. दारोगा और सिपाही को सस्पेंड कराया. लड़का गरीब परिवार का था. मैंने उसके परिवार की आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री जी के सचिव से संपर्क किया. लेकिन कुछ लोग मेरे बारे में अफवाह फैला रहे हैं. लेकिन पीड़ित परिवार जानता है कि मैं उन के साथ खड़ा हूं.

  • हिंदुओं से सीखें धार्मिक अनुशासन… सड़क पर नमाज न पढ़ने को लेकर योगी आदित्यनाथ ने किया महाकुंभ का जिक्र

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क पर होने वाली नमाज को लेकर सीधे तौर पर कहा है कि ये नहीं हो सकती है. साथ ही साथ उन्होंने सड़कों से गुजरने वाली कांवड़ यात्रा पर भी अपनी बात रखी है. इसके अलावा वक्फ (संशोधन) विधेयक को लेकर विरोध करने वालों को आड़े हाथ लिया है. सीएम ने वक्फ प्रॉपर्टी पर चंद लोगों का कब्जा बताया है और कहा है कि इन प्रॉपर्टीज के जरिए किसी भी गरीब मुसलमान का भला नहीं किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘सड़कें चलने के लिए होती हैं और जो लोग ऐसा कह रहे हैं… उन्हें हिंदुओं से अनुशासन सीखना चाहिए. प्रयागराज में 66 करोड़ लोग आए. कहीं कोई लूटपाट नहीं हुई, कहीं कोई आगजनी नहीं हुई, कहीं कोई छेड़छाड़ नहीं हुई, कहीं कोई तोड़फोड़ नहीं हुई, कहीं कोई अपहरण नहीं हुआ, यही अनुशासन है, यही धार्मिक अनुशासन है. वे श्रद्धा के साथ आए, ‘महास्नान’ में भाग लिया और फिर अपने गंतव्य की ओर बढ़ गए. त्योहार और उत्सव या ऐसे कोई भी आयोजन उदंडता का माध्यम नहीं बनने चाहिए. अगर आप सुविधा चाहते हैं, तो उस अनुशासन का पालन करना भी सीखें.’

    समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘सड़कें चलने के लिए होती हैं और जो लोग ऐसा कह रहे हैं… उन्हें हिंदुओं से अनुशासन सीखना चाहिए. प्रयागराज में 66 करोड़ लोग आए. कहीं कोई लूटपाट नहीं हुई, कहीं कोई आगजनी नहीं हुई, कहीं कोई छेड़छाड़ नहीं हुई, कहीं कोई तोड़फोड़ नहीं हुई, कहीं कोई अपहरण नहीं हुआ, यही अनुशासन है, यही धार्मिक अनुशासन है. वे श्रद्धा के साथ आए, ‘महास्नान’ में भाग लिया और फिर अपने गंतव्य की ओर बढ़ गए. त्योहार और उत्सव या ऐसे कोई भी आयोजन उदंडता का माध्यम नहीं बनने चाहिए. अगर आप सुविधा चाहते हैं, तो उस अनुशासन का पालन करना भी सीखें.’

    कानून सभी के लिए बराबर- सीएम योगी

    सीएम ने कहा, ‘कांवड़ यात्रा से तुलना की जा रही है, कावंड़ यात्रा हरिद्वार से लेकर गाजियाबाद और एनसीआर के क्षेत्रों तक जाती है. वो सड़क पर ही चलेगी. क्या हमने कभी परंपरागत मुस्लिम जुलूस को रोका…कभी भी नहीं रोका…मुहर्रम के जुलूस निकलते हैं. हां, ये जरूर कहा है कि ताजिया का साइज थोड़ा छोटा रखें क्योंकि तुम्हारी सुरक्षा के लिए है. रास्ते में हाईटेंशन तार होंगे, जोकि आपके लिए बदले नहीं जाएंगे. हाईटेंशन की चपेट में आने से मर जाओगे. यही होता है, कांवड़ यात्रा में भी यही बोला जाता है कि डीजे का साइज छोटा करो, जो ऐसा नहीं करता है तो सख्ती की जाती है. कानून सभी के लिए बराबर लागू होता है. फिर कैसे तुलना की जा रही है.’

    उन्होंने कहा, ‘ईद में कौन सा प्रदर्शन करेंगे? नमाज पढ़ने के नाम पर क्या घंटों सड़क जाम करेंगे? नमाज पढ़ने के लिए ईदगाह और मस्जिद हैं, न कि सड़क. इसके लिए ठीक तो बोला जा रहा है. ‘

    सुधार समय की मांग- वक्फ बिल पर बोले सीएम

    वक्फ (संशोधन) विधेयक पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुधार समय की मांग है. उन्होंने कहा, ‘हर अच्छे काम का विरोध होता है. इसी तरह वक्फ संशोधन विधेयक पर भी हंगामा हो रहा है, जो लोग इस मुद्दे पर हंगामा कर रहे हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं…क्या वक्फ बोर्ड ने कोई कल्याण किया है? सब कुछ छोड़िए, क्या वक्फ ने मुसलमानों का भी कोई कल्याण किया है? वक्फ निजी स्वार्थ का केंद्र बन गया है. यह किसी भी सरकारी संपत्ति पर जबरन कब्जा करने का माध्यम बन गया है और सुधार समय की मांग है और हर सुधार का विरोध किया जाता है.’